![]() |
| file case against contractors |
*डीसी ने दो ठेकेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने के दिए निर्देश*
*फसल उठान का कार्य हो रहा है प्रभावित*
*मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए फसल खरीद कार्य की समीक्षा की*
गुरूग्राम /राधे पंडित
डीसी निशांत कुमार यादव ने फसल उठान के कार्य में ढिलाई बरत रहे पटौदी और फरुखनगर मंडी के दो ठेकेदारों के खिलाफ एसडीएम पटौदी को मुकदमा दर्ज करवाए जाने के निर्देश दिए हैं। डीसी ने कहा है कि जो भी ठेकेदार मंडियों में फसल उठाने का काम सुचारू रूप से नहीं करेगा, जिला प्रशासन द्वारा उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा के मुख्य सचिव टी.वी.एस.एन. प्रसाद की फसल खरीद और उठान के कार्य की वीडियो कांफ्रेंस के बाद डीसी आज लघु सचिवालय सभागार में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला की मंडियों में अभी तक फसलों की आवक को देखते हुए फसल उठान का कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है। जो कि उचित नहीं है। खासतौर से फरुखनगर और पटौदी की मंडी में उठान का कार्य मंद गति से किया जा रहा है। जिसके लिए सीधे तौर पर वहां के ठेकेदार जिम्मेदार हैं। डीसी ने श्रमिकों व ट्रांसपोर्ट के ठेकेदार पवन कुमार तथा राजेश कुमार के खिलाफ पटौदी एसडीएम होशियार सिंह को कानूनी कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटौदी थाना प्रभारी को इन दोनों ठेकेदारों के खिलाफ एसडीएम की ओर से लिखित में शिकायत दी जाए।
वीडियो कांफ्रेंस में मुख्य सचिव टी.वी.एस. एन. प्रसाद ने कहा कि मंडियों में किसानों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए और यह प्रयास किया जाए कि उनकी फसल का भुगतान तत्परता से हो। इसके लिए उन्होंने प्रदेश स्तर पर उच्च प्रशासनिक अधिकारियों की एक कमेटी गठित किए जाने के भी निर्देश दिए।
डीसी निशांत कुमार यादव ने मुख्य सचिव को बताया कि गुरुग्राम जिला में अभी तक हैफेड और हरियाणा वेयरहाउस कार्पोरेशन द्वारा 28 हजार 927.45 मीट्रिक टन सरसों की खरीद हो चुकी है। इसमें से 8 हजार 34 मीट्रिक टन सरसों का उठान हो चुका है। पटौदी, सोहना व फरुखनगर मंडी में 14 हजार 598 किसान सरसों लेकर आए हैं। इसी प्रकार फरुखनगर, पटौदी, खोड़ और सोहना मंडी में दोनों एंजेसियों ने 28 हजार 258.90 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की है। जिसमें से 320 मीट्रिक टन गेहूं का उठान हो चुका है। मंडियों में 4 हजार 266 किसान गेहूं लेकर आए हैं।
डीसी ने निर्देश दिए कि चारों मंडियों में किसानों के लिए मूलभूत सुविधाओं का पूरा इंतजाम रहना चाहिए।
इस अवसर पर एडीसी हितेश कुमार मीणा, सोहना के एसडीएम सोनू भट्ट, पटौदी के एसडीएम होशियार सिंह, मार्केटिंग बोर्ड की क्षेत्रीय प्रबंधक मीतू धनखड़, जिला प्रबंधक विनय यादव, मार्केट कमेटी सचिव बसंत कुमार, सुनीता देवी, वेयरहाउस से सुमन, खाद्य एवं पूर्ति विभाग से विजय कुमार इत्यादि उपस्थित रहे।
.png)
