- पटौदी में दुष्कर्म मामले को लेकर जनता में भारी आक्रोश
- हजारों लोगों ने निकाला विरोध मार्च
- पुलिस प्रशासन के खिलाफ लगे मुर्दाबाद के नारे
- एक महीने बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं
- पीड़ित परिवार ने लगाया कार्रवाई में देरी का आरोप
- एसडीएम कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
पटौदी, संवाददाता।
पटौदी क्षेत्र में कथित दुष्कर्म मामले को लेकर सोमवार को भारी जनआक्रोश देखने को मिला। पीड़ित परिवार के समर्थन में हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर “पीड़िता को न्याय दो”, “बलात्कारियों को गिरफ्तार करो”, “पुलिस प्रशासन हाय-हाय” और “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए।
यह विशाल विरोध मार्च रेवाड़ी रोड स्थित पेट्रोल पंप से शुरू हुआ, जो बस अड्डा रोड से होते हुए पटौदी एसडीएम कार्यालय तक पहुंचा। प्रदर्शन के दौरान पूरे शहर में आक्रोश का माहौल देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घटना को एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक पुलिस प्रशासन आरोपियों को गिरफ्तार करने में नाकाम रहा है।
वीडियो खबर देखने के लिए दिए गए लिंक को क्लिक करें
एसडीएम कार्यालय पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा। हालांकि, उस समय प्रशासनिक कार्यों के चलते कार्यालय में कोई अधिकारी मौजूद नहीं था, जिसके चलते ज्ञापन एसडीएम के रीडर को सौंपा गया।
पीड़ित परिवार ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि पटौदी निवासी महिला ने पूर्व पार्षद और उसके सहयोगी पर दुष्कर्म तथा अन्य गंभीर आरोप लगाए थे। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिवार का आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पीड़िता व उसके परिवार पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है।
प्रदर्शन में पटौदी के कई सामाजिक, राजनीतिक और स्थानीय प्रतिनिधि भी शामिल हुए। इनमें परिषद के वाइस चेयरमैन अमित शर्मा, पार्षद राकेश उर्फ बबल, पार्षद मूनफेद, समाजसेवी सुधीर यादव, पूर्व पार्षद हंसराज सपड़ा, शक्ति चौहान वार्ड नंबर 4 पार्षद प्रतिनिधि, जयपाल सिंह नरहेडा पार्षद प्रतिनिधि, पार्षद इकरार, सुनील गर्ग पूर्व पार्षद, समीर चौहान समाजसेवी, कांता प्रसाद उर्फ बौक समाजसेवी, पार्षद प्रतिनिधि विजय, देवेंद्र शर्मा टोडापुर, निखिल शर्मा जिम, प्रदीप यादव माजरा, आस मोहम्मद, मोहित पटौदी समाजसेवी, नरेंद्र गौड़ हेलीमंडी सहित भारी संख्या में लोग शामिल हुए । सभी ने एक स्वर में पीड़ित महिला को न्याय दिलाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा। लोगों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर प्रशासन की चुप्पी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ज्ञापन में पीड़ित परिवार ने यह भी कहा कि यदि आरोपियों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है तो परिवार किसी बड़े कदम के लिए मजबूर हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और आरोपी पक्ष की होगी।
फिलहाल इस मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव और नाराजगी का माहौल बना हुआ है तथा लोग पुलिस प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।


