![]() |
| गुरुग्राम में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप, HOAX मेल का खुलासा |
गुरुग्राम के नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में निकली फर्जी ई-मेल
गुरुग्राम, 28 जनवरी।
धमकी मिलने वाले स्कूलों में डीएलएफ फेज-1 स्थित कुंसकपालन स्कूल, सेक्टर-53 का लैंसर स्कूल, सेक्टर-64 का हेरिटेज एक्सपीरिएंशियल लर्निंग स्कूल, बादशाहपुर स्थित पाथवे वर्ल्ड स्कूल, शैलूम हिल्स स्कूल, डीएलएफ फेज-5 का लैंसर स्कूल, मानव रचना स्कूल समेत अन्य स्कूल शामिल हैं।
सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस, बम स्क्वायड, डॉग स्क्वायड और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत संबंधित स्कूलों में पहुंचीं। सुरक्षा कारणों से स्कूल भवनों, कक्षाओं, लैब, पुस्तकालय, स्कूल बसों और आसपास के क्षेत्रों में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। कई स्कूलों में पढ़ाई अस्थायी रूप से रोक दी गई और अभिभावकों को बच्चों को सुरक्षित घर ले जाने की अनुमति दी गई।
जांच के दौरान किसी भी स्कूल से कोई विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। प्राथमिक जांच में धमकी भरा ई-मेल फर्जी (HOAX मेल) पाया गया है।
इस संबंध में एसीपी डीएलएफ विकास कौशिक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला अफवाह फैलाने का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई। उन्होंने कहा कि सभी स्कूल परिसरों की पूरी तरह से जांच की गई है और अब तक किसी प्रकार का खतरा सामने नहीं आया है।
पुलिस द्वारा धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मेल कहां से और किस उद्देश्य से भेजा गया था।
घटना के बाद जिले के सभी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन, अभिभावकों और आम जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह तैयार हैं।
.png)
