पटौदी में पर्ल चौधरी का भव्य स्वागत, भाजपा सरकार पर साधा निशाना
कांग्रेस महिला प्रदेश अध्यक्ष पर्ल चौधरी का शक्ति प्रदर्शन
पटौदी कांग्रेस कार्यालय में पर्ल चौधरी का जोरदार स्वागत
हरियाणा महिला कांग्रेस की नई अध्यक्ष का पटौदी दौरा
पटौदी /रफीक खान
हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के इस्तीफे की मांग को लेकर राज्य स्तरीय हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने सवाल उठाया कि “आखिर ऐसी क्या मजबूरी है कि कथित एप्स्टीन फाइल में नाम आने के बाद भी न तो इस्तीफा लिया जा रहा है और न ही मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जा रहा है?”
अपने पिता, पूर्व विधायक स्वर्गीय भूपेंद्र चौधरी की कर्मभूमि पटौदी पहुंचीं पर्ल चौधरी का कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों व फूलमालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत होकर वह भावुक भी नजर आईं।
भाजपा और पीएम मोदी पर साधा निशाना
पटौदी स्थित अपने कार्यालय पर मीडिया से बातचीत में पर्ल चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खामोशी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप गंभीर हैं तो निष्पक्ष जांच के लिए संबंधित मंत्री को पद से हटाया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महिलाओं के मुद्दों पर संवेदनशील नहीं है। “महिला कांग्रेस प्रदेश की हर महिला की आवाज बनेगी। चाहे वह सरकारी विभागों में कार्यरत महिलाएं हों या आम गृहिणी—उनके हक-हकूक की लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी,” उन्होंने कहा।
33 प्रतिशत आरक्षण पर उठाए सवाल
महिला प्रदेश अध्यक्ष ने राजनीति में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने की मांग दोहराते हुए कहा कि यह मामला अब भी लंबित है। उन्होंने कहा कि जब लोकसभा और राज्यसभा में विभिन्न विधेयक पारित किए जा सकते हैं, तो महिलाओं के आरक्षण को लागू करने में देरी क्यों?
‘लाडो लक्ष्मी योजना’ पर भी सरकार को घेरा
पर्ल चौधरी ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में किए गए वादों को भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में शामिल किया। उन्होंने ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस ने 2000 रुपये देने का वादा किया था, जबकि भाजपा ने 2100 रुपये देने की घोषणा की, लेकिन पात्र महिलाएं अब भी लाभ के लिए प्रतीक्षारत हैं।
प्रदेश की कानून व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं पर चिंता
हरियाणा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति चिंताजनक है। गुरुग्राम जैसे राजस्व देने वाले जिले में भी सरकारी अस्पताल और बस अड्डे जैसी मूलभूत सुविधाएं अधूरी हैं। अस्पतालों में दवाइयों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी बनी हुई है।
महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पर जोर
उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ते यौन अपराधों को गंभीरता से लेते हुए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि कामकाजी महिलाएं और छात्राएं स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें। महिला कांग्रेस महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए रसोई से लेकर मतदान केंद्र तक महिलाओं की भागीदारी मजबूत करने का अभियान चलाएगी।
इस अवसर पर भूप सिंह सरपंच, गुलशन शर्मा, रमेश खंडेवला, प्रवीण पूर्व सरपंच, डॉ.हरिओम सभरवाल, नरेश सरपंच, प्रवीण पूर्व पार्षद, खेमचंद अलमदी, सुनील मिलकपुर, श्रद्धानंद यादव, श्रीमती मुकेश सरपंच, नरेंद्र राठी, रवि जसात, रामभगत सरपंच, मिंटू खड़खड़ी, नीरज सचदेवा, राजेश वशिष्ठ, रविंद्र राणा, ओमप्रकाश धहिया, बीर सिंह यादव, रमेश यादव, रानू छिल्लरकी, गोवर्धन छिल्लरकी, एडवोकेट प्रदीप चौहान, सलीम शेट्टी,विनोद यादव, हरलाल पटौदी, ज्योति, सलोनी, कविता, बबली, राजबाला, तृप्ता, रचना, प्रिया चौधरी, तनीषा, कृष्णा और सरोज सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महिला कांग्रेस के इस हस्ताक्षर अभियान को लेकर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है।



