पटौदी में अवैध कब्जे ध्वस्त | भू-माफियाओं पर सर्जिकल स्ट्राइक | गैंगस्टर गिरोह के सदस्यों पर पुलिस का शिकंजा सरकारी जमीन कराई गई मुक्त
राधे पंडित \ पटौदी
हरियाणा में अपराध और अवैध कब्जों के खिलाफ चल रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गुरुग्राम पुलिस ने एक बार फिर सख्त और प्रभावी कार्रवाई करते हुए भूमि माफियाओं के संगठित नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों के संयुक्त अभियान में पटौदी क्षेत्र में सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को पूरी तरह ध्वस्त कर भूमि को मुक्त कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्राइम यूनिट सेक्टर-31 की टीम ने पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर सेक्टर-1, पटौदी स्थित फायर स्टेशन के नजदीक सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की पहचान की। इसके बाद HSVP और डीटीपी विभाग के सहयोग से भारी मशीनरी की मदद से अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में पुलिस बल तैनात रहा और कानून व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।
जांच में सामने आया कि इस अवैध कब्जे के पीछे गांव जनौला निवासी आरोपी नरेंद्र उर्फ मोनू और प्रदीप उर्फ पारले का हाथ था। दोनों आरोपी कुख्यात गैंगस्टर कौशल गिरोह से जुड़े बताए जा रहे हैं और इनका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार प्रदीप पर चोरी, लूट, मारपीट, हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम समेत करीब 13 मामले दर्ज हैं, जबकि नरेंद्र के खिलाफ लगभग 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बताया गया कि आरोपियों ने अपने मकानों के साथ लगती ग्रीन बेल्ट की सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा था, साथ ही मुख्य सड़क से जुड़ने वाले रास्ते को भी अवरुद्ध कर दिया था, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। प्रशासन की इस कार्रवाई से न केवल सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया, बल्कि क्षेत्र के लोगों को राहत भी मिली है।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि हरियाणा सरकार की नीति के अनुसार अपराध और अपराधियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। जिला योजना अधिकारी आर.एस. भाट ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जिले में क्राइम यूनिट और संबंधित विभागों के साथ मिलकर अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने अपराध प्रवृत्ति के लोगों से अपील की कि वे गलत रास्ता छोड़कर सामान्य जीवन अपनाएं, ताकि समाज में शांति और व्यवस्था बनी रहे।
गुरुग्राम पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस प्रकार के खुफिया-आधारित अभियान और तेज किए जाएंगे। प्रशासन का उद्देश्य शहर को अपराध मुक्त, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना है, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
.png)
