
पटौदी में कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा का दौरा
पटौदी जाटोली मंडी में कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा का दौरा, रात्रि भोज के दौरान सौंपा गया ज्ञापन
“सीवर ओवरफ्लो से परेशान जनता… अब मंत्री से सीधी गुहार!”
पटौदी /रफीक खान
हरियाणा सरकार के कैबिनेट जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने शुक्रवार देर रात पटौदी जाटोली मंडी क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नगर परिषद पार्षद राकेश उर्फ बब्बल के निवास पर आयोजित रात्रि भोज कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम में क्षेत्र के पार्षदों, गणमान्य नागरिकों और स्थानीय प्रतिनिधियों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
रात्रि भोज के दौरान नगर परिषद के पार्षदों ने मंत्री को शहर की प्रमुख समस्याओं को लेकर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सबसे अहम मुद्दा जाटोली स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में लंबे समय से लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने का उठाया गया।
इसके साथ ही पार्षदों ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में वर्षों पहले डाली गई सीवर पाइपलाइन छोटी होने के कारण आए दिन सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी रहती है। गंदा पानी गलियों में फैलने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और क्षेत्र में सफाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हेलीमंडी स्थित राजकीय कॉलेज के पास एसटीपी का गंदा पानी कॉलेज परिसर में भर जाता है। इससे न केवल कॉलेज के पेड़ों को नुकसान पहुंचा है, बल्कि परिसर में गंदगी फैलने से छात्रों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
पार्षद राकेश उर्फ बबल ने मंत्री को अवगत कराया कि नई सीवर लाइन डालने के लिए नगर परिषद द्वारा एस्टीमेट तैयार कर फाइल प्रक्रिया में भेजी जा चुकी है। उन्होंने मांग की कि इस फाइल को शीघ्र स्वीकृति देकर टेंडर प्रक्रिया पूरी करवाई जाए, ताकि शहर में स्वच्छता व्यवस्था सुधर सके।कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सीवर लाइन बदलने, उसकी क्षमता बढ़ाने और एसटीपी से जुड़ी सभी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
इस मौके पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि नगर परिषद क्षेत्र में स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। मंत्री के इस आश्वासन से क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही सीवर और एसटीपी से संबंधित समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।
इस मोके पर नगरपरिषद पटौदी जाटोली मंडी वाइस चेयरमैन अमित शर्मा, पार्षद आनंद भूषण गोयल, कांता प्रसाद बौक, आस मोहम्मद, मास्टर नवीन कुमार, पूर्व सरपंच करण सिंह जसात, रामकिशन नंबरदार, अमित पहलवान कारोला, निरंजन प्रजापति, रविंद्र प्रजापति खुरमपुर खेड़ा, विक्रम प्रजापति अलीयर ढाणा , जगदीश प्रजापति बावनी प्रधान, डॉ राजेंद्र प्रजापति, ज्ञानचंद रिटायर्ड गिरदावर, दीपू बंसल, ऋषभ दक्ष, सुनील कुमार, पुनीत कुमार, अशोक जांगड़ा और गुरु दक्ष प्रजापति शिक्षा समिति के अध्यक्ष रोशन लाल सहित प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे ।
.png)
