पटौदी क्षेत्र में सड़कों के पुनर्निर्माण को मिली मंजूरी, जाटौली मंडी में खुलेगी अटल कैंटीन
रफीक खान \ पटौदी
पटौदी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण सड़कों के पुनर्निर्माण को मंजूरी दे दी है। पटौदी की विधायक बिमला चौधरी द्वारा क्षेत्र की जर्जर सड़कों के सुधार की मांग को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने गंभीरता से लेते हुए त्वरित संज्ञान लिया और संबंधित प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान कर दी।
विधायक बिमला चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि मार्केटिंग बोर्ड के अंतर्गत तीन प्रमुख सड़कों—सिवाड़ी से मुशेदपुर, बृजपुरा से रहनवा और जाटौली मंडी से छावन मार्ग—के पुनर्निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है। इन परियोजनाओं के लिए लगभग 201.30 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है तथा इन सड़कों की कुल लंबाई 7.79 किलोमीटर है।
उन्होंने बताया कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इन सड़कों के बनने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम होगी और हजारों ग्रामीणों, व्यापारियों व किसानों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से इन सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग उठ रही थी, जिसे अब सरकार ने पूरा किया है।
विधायक ने यह भी बताया कि किसानों की वर्षों पुरानी मांग को ध्यान में रखते हुए जाटौली मंडी में अटल कैंटीन खोलने को भी मंजूरी मिल गई है। उन्होंने कहा कि आगामी फसल सीजन से पहले ही यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी, जिससे किसानों को मंडी में सस्ती व पौष्टिक भोजन व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।
बिमला चौधरी ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री श्री राव इंद्रजीत सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ग के हितों को प्राथमिकता देते हुए निरंतर विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है और किसानों, मजदूरों व आमजन के कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की जा रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पटौदी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और भविष्य में भी क्षेत्र की आवश्यकताओं को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाती रहेंगी। इन विकास कार्यों से न केवल बुनियादी ढांचा मजबूत होगा, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
स्थानीय लोगों ने भी सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होकर क्षेत्र को बेहतर सड़क सुविधाएं मिलेंगी।
.png)


