मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निभाया वादा, विधानसभा में हुई घोषणा
पटौदी \ रफीक खान
10 अगस्त 2024 को पटौदी में आयोजित विशाल जनसभा के दौरान नायब सिंह सैनी द्वारा की गई महत्वपूर्ण घोषणा अब धरातल पर उतरती नजर आ रही है। पटौदी क्षेत्र के गांव मऊ लोकरी में पॉलिटेक्निक कॉलेज खोलने की घोषणा को हरियाणा सरकार ने बजट में शामिल करते हुए विधानसभा में औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
यह घोषणा स्थानीय मांग पर की गई थी, जिसे अब सरकार ने पूरा कर युवाओं को बड़ी सौगात दी है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यह निर्णय न केवल शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम है, बल्कि पटौदी क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
पूर्व विधायक पटौदी एवं प्रदेश अध्यक्ष एससी मोर्चा बीजेपी हरियाणा सत्यप्रकाश जरावता ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मऊ लोकरी में पॉलिटेक्निक कॉलेज खुलने से क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। अब विद्यार्थियों को उच्च तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और आर्थिक संसाधनों की बचत होगी तथा अधिक से अधिक युवा तकनीकी शिक्षा से जुड़ पाएंगे।
ग्राम मऊ लोकरी के सरपंच धर्मपाल सिंह, श्री भगवान और विक्रम ठेकेदार ने भी मऊ लोकरी की जनता की ओर से मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह कॉलेज क्षेत्र की युवा पीढ़ी के भविष्य को नई दिशा देगा। तकनीकी शिक्षा के प्रसार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और युवा स्वरोजगार तथा निजी क्षेत्र में बेहतर नौकरियों के लिए तैयार हो सकेंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र में कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा। डिप्लोमा और तकनीकी पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थी उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीण पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को समान अवसर मिल सकेंगे।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने वादे को निभाकर यह सिद्ध कर दिया है कि सरकार विकास और शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है। मऊ लोकरी सहित आसपास के गांवों के लिए यह निर्णय आने वाले वर्षों में सामाजिक और आर्थिक परिवर्तन का आधार बनेगा।
पटौदी की जनता और ग्राम मऊ लोकरी के नागरिकों ने एक स्वर में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम क्षेत्र के विकास की मजबूत नींव साबित होगा और युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा।

