 |
| जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त निशांत कुमार यादव |
अधिक से अधिक मतदान का प्रयास होगा लोकसभा चुनाव में - जिला निर्वाचन अधिकारी
चुनाव आयोग के सीईओ को वीसी पर बातचीत में दिया भरोसा
महिला कर्मचारियों की भी चुनाव में लगाई जाएगी ड्यूटी
गुरुग्राम- राधे पंडित
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने कहा है कि लोकसभा चुनाव के दौरान जिला में अधिक से अधिक मतदान करवाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए जिला भर में मतदाता जागरूकता अभियान स्वीप नाम से चलाया जा रहा है।
लघु सचिवालय सभागार में डीसी आज अपने साथी अधिकारियों के साथ हरियाणा राज्य चुनाव आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुराग अग्रवाल से वीसी के जरिए बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जिला में इस बार रेजीडेण्ट वेलफेयर एसोसिएशनों का भी मतदान में सहयोग लिया जाएगा। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत शिक्षण संस्थाओं में 11 वीं, 12 वीं और आईटीआई कक्षा के विद्यार्थियों को पैंफलेट वितरित किए जाएंगे, जिनमें बच्चों को अपने अभिभावकों से मतदान करवाने की प्रेरणा दी जाएगी। जब अभिभावक वोट डाल कर आएंगे तो उनकी ऊंगली पर लगी नीली लकीर के साथ बच्चे फोटो खिंचवाएंगे। इन फोटो को चुनाव आयोग के सी-विजिल एप पर अपलोड किया जाएगा।  |
| हरियाणा राज्य चुनाव आयोग , मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनुराग अग्रवाल |
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन नए मतदाताओं के एपिक कार्ड बन चुके हैं, उनका वितरण करवाया जा रहा है। पोस्टल विभाग के माध्यम से वोटर आईडी कार्ड भिजवाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिन मतदान केंद्रों पर 1500 से अधिक वोटर हैं, वहां उप मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं, ताकि पोलिंग बूथ पर अधिक भीड़ एकत्रित ना हो। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देश अनुसार कुछ मतदान केंद्रों को वेबकास्ट कैमरों से जोड़ा जाएगा, जिनका कंट्रोल रूम सचिवालय परिसर में ही होगा। इनके जरिए मतदान केंद्रों पर निगरानी रखी जाएंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने गुरुग्राम में हर एक बूथ पर एक महिला कर्मचारी को नियुक्त किया जाएगा। चुनाव में महिला कर्मचारी भी पुरुष कर्मियों के साथ ड्यूटी करेंगी। उन्होंने कहा कि निजी शिक्षण संस्थाओं के स्टाफ को भी चुनाव में नियुक्त किया जा सकता है। डीसी ने चुनाव आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को बताया कि सी-विजिल एप पर आ रही शिकायतों का समय पर समाधान किया जा रहा है। इस अवसर पर एडीसी हितेश कुमार मीणा, सोहना के एसडीएम सोनू भट्ट, बादशाहपुर के एसडीएम विश्वजीत चौधरी, गुरुग्राम के एसडीएम रविन्द्र कुमार, पटौदी के एसडीएम होशियार सिंह, नगराधीश कुंवर आदित्य विक्रम, हिपा की एडिशनल डायरेक्टर अलका चौधरी, ओएसडी टू डीसी प्रीति रावत, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी मनीराम, डीआईओ विभू कपूर, डीडीपीओ विरेंद्र संधू, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजेंद्र कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी कैप्टन इंदु बोकन कसाना, डीएसईओ विनोद वर्मा, आबकारी अधिकारी नीरज इत्यादि उपस्थित रहे।