राजकीय विद्यालयों में चलाया मतदाता जागरूकता अभियान
जनचेतना रैली निकाल कर वोट देने के लिए प्रेरित किया
गुरुग्राम,
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत कुमार यादव के मार्गदर्शन में जिले में चल रही स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत गांव जाटोला स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जागरूकता रैली, निबंध, भाषण व पेंटिंग प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रहे।
स्वीप अभियान के तहत गुरुग्राम जिला में निरंतर मतदान के प्रति जागरूकता के कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं। गांव जाटौला, बास कुशला के राजकीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जनचेतना रैली निकाल कर लोगों को वोट देने के लिए प्रेरित किया। लोकतंत्र की आन-बान व शान-मत, मतदाता और मतदान, आया है लोकतंत्र का पर्व, जिस पर हर वोटर को गर्व, सबको सुनें-फिर मन से चुनें, लोकतंत्र का सच्चा मान- हर मतदाता करे मतदान, सुण ले काकी, सुण ले ताई- बोट घणी अणमोल बताई जैसी पट्टिकाओं के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर पेंटिंग, निबंध तथा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाता का जागरूक होना आवश्यक ही नहीं, अपितु अनिवार्य है, जिसके लिए सभी को आगे आना होगा। कार्यक्रम में विद्यालय के स्टाफ सदस्यों सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
.png)
