डीसी ने अधिकारियों से कहा, ईमानदारी, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करवाना हम सब की नैतिक जिम्मेदारी
विभाग की ओर से जारी किए गए नंबर व ई-मेल आईडी पर की जा सकती है शिकायत
गुरुग्राम- राधे पंडित
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी निशांत कुमार यादव ने कहा कि आबकारी विभाग के अधिकारी आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान जिला में अवैध रूप से शराब की बिक्री न हो इसके लिए तत्परता से निगरानी करें और समय-समय पर अधिकृत शराब ठेकों पर रिकॉर्ड भी चेक करें। किसी भी हाल में जिला में जीएसटी की चोरी ना हो और अवैध शराब ना मिले। अगर कहीं भी अवैध शराब पाई गई तो संबंधित लोगों खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। वे आज लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में हरियाणा के आबकारी एवं कराधान विभाग के कमिश्नर अशोक कुमार मीणा की वीडियो कॉन्फ्रेंस बैठक उपरांत संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे।
इससे पूर्व हरियाणा के आबकारी एवं कराधान विभाग के कमिश्नर अशोक कुमार मीणा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित बैठक में बताया कि भारत निर्वाचन आयोग आगामी लोकसभा चुनाव में अवैध शराब की रोकथाम को लेकर काफी सजग है। उन्होंने बताया कि आयोग की ओर से सख्त निर्देश है कि इस मामले मे कोताही बरतने वाले संबंधित अधिकारी पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में प्रमुख मार्गों पर नाके लगाकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जाए।
अधिकारी अवैध शराब पर रखे कड़ी नजरः जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत कुमार
जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत कुमार यादव ने आबकारी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अवैध शराब अथवा वैध शराब, जिसका उपयोग निर्वाचन के दौरान मतदाताओं को प्रभावित करने में किया जा सकता है कि जब्ती को लेकर संबंधित थाना क्षेत्र के थाना प्रभारी के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक संख्या में छापेमारी करना सुनिश्चित करें। खासकर अवैध शराब की बिक्री,उत्पादन पर जिरो टोलरेंस रखना है। जिले के सीमावर्ती चेक पोस्ट पर छोटे से बड़े वाहनों की चेकिंग करते हुए विशेष जब्ती अभियान चलाएं और अवैध कैश, अवैध शराब की तस्करी पर विशेष ध्यान देते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि संदिग्ध लोगों व स्थानों पर कड़ी नजर रखते हुए जिला में अवैध शराब की सप्लाई को रोकने में सजगता रखनी है। डीसी ने कहा कि ईमानदारी, निष्पक्ष व शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करवाना हम सब की नैतिक जिम्मेदारी है । हम सभी ने आयोग के दिशा निर्देशों की पूर्ण रूप से पालना करनी है।
*विभाग की ओर से जारी किए गए नंबर व ई-मेल आईडी पर की जा सकती है शिकायत*
डीसी ने बताया कि आबकारी एवं कराधान विभाग हरियाणा की ओर से लोकसभा आम चुनाव, 2024 के दौरान शराब की अवैध आवाजाही के सम्बन्ध में शिकायतों के लिए नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। उन्होंने बताया कि आमजन लोकसभा आम चुनाव, 2024 के दौरान आचार संहिता के संचालन के दौरान हरियाणा राज्य में शराब की अवैध आवाजाही, बिक्री एवं नकली शराब से सम्बन्धित शिकायतें देने व प्राप्त करने के लिए आबकारी एवं कराधान विभाग, हरियाणा द्वारा प्रधान कार्यालय, पंचकूला में स्थापित राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष में दे सकते हैं। शिकायतें / सूचना नियंत्रण कक्ष के टेलीफोन नंबर 18001022012 (टोल फ्री) 0172-4112222 और ईमेल helpdesk@haryanatax.gov.in पर दर्ज की जा सकती है। नियंत्रण कक्ष सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक चालू रहेगा। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति शराब की किसी भी अवैध आवाजाही / बिक्री व हरियाणा राज्य में नकली शराब की आवाजाही व बिक्री के सम्बन्ध में अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है या सूचना दे सकता है।
इस अवसर पर गुरूग्राम के एसडीएम रविंद्र कुमार, डीईटीसी जितेंद्र ढेसी व अमित भाटिया, इलेक्शन तहसीलदार राजेंद्र सिंह, डीआईओ विभु कपूर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
.png)
